तीन दिन पहले ज्वेलर राधेश्याम की दुकान में हुई सोने के जेवरात की चोरी के मामले में अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। इस मामले में बुधवार को शहर के स्वर्णकार और अन्य व्यापारी एकत्रित होकर शहर थाना में पहुंचे और शहर थाना प्रभारी से मुलाकात कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में टीमें लगी हुई हैं। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से एक-दो का समय मांगा, जिस पर व्यापारी सहमत हो गए। व्यापारियों ने कहा कि यदि एक-दो दिन में पता नहीं लगा तो वह उच्चाधिकारियों से मिलेंगे। यहां बता दें कि पुलिस थाने के नजदीक राधेश्याम ज्वैलर की दुकान से तीन दिन पहले एक व्यक्ति व एक महिला ने सोने के जेवरात से भरा डिब्बा चोरी कर लिया था। इसमें लगभग 13 तोले सोना था, जिसकी कीमत लगभग 15-16 साल रुपये थी। यह जेवरात किसी ग्राहक के ऑर्डर पर बनाए गए थे। तीन दिन पहले एक महिला व एक पुरुष ग्राहक बनकर आए और चुटकी दिखाने की बात कहने लगा। मालिक राधेश्याम दूसरे ग्राहक के लिए ऊपर से सामान उतारने में व्यस्त हो गया। इस दौरान आरोपियाें ने सोने के जेवरात से भरा डिब्बा चोरी कर लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर की। इस मामले में सीआईए, शहर पुलिस की टीमों का गठन किया गया है, जिसने शहर के बस अड्डे तक पड़ने वाले सीसीटीवी चेक किए गए। इनमें आरोपी ई रिक्शा में जाते दिखते हैं। इसमें कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारी बुधवार को थाने पहुंचे। व्यापारी जयपाल लांबा ने कहा कि बार-बार ऐसी वारदात हो रही है, लेकिन सुराग नहीं लग रहा। इससे पहले भी कई वारदात हो चुकी है, लेकिन आज तक रिकवरी नहीं हुई है। इस मामले में कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। शहर में आज तक सीसीटीवी प्रशासन की तरफ से नहीं लगे हैं। व्यापारियों ने खुद अपने स्तर पर ही सीसीटीवी लगा रखे हैं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केशव सिंघल ने कहा कि वह आज एसएचओ से मिले हैं और उन्होंने एक-दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है। यदि कोई उचित कदम नहीं उठाया तो व्यापारी आगामी निर्णय लेंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश अरोड़ा ने कहा कि चोरी की घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। इस प्रकार की घटनाएं बार-बार हो रही है। पुलिस प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। इस मामले में एसएचओ से मिले थे। उन्होंने एक-दो दिन में आरोपियों को पकड़ने की बात कही है। यदि एक-दो दिन मे कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी बैठक कर आगामी निर्णय लेंगे।