बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 19वें दिन भी जारी रही। बहादुरगढ़ नगर परिषद में धरने पर बैठे कच्चे और पे-रोल सफाई कर्मचारियों को ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया। इस दौरान सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारी व अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर बनी सहमति के लिखित पत्र जारी करना शामिल है। कर्मचारियों ने बताया कि हड़ताल 6 अगस्त से लगातार जारी है। इसके बावजूद सरकार की ओर से अभी तक कोई लिखित पत्र जारी नहीं किया गया है और न ही कर्मचारी संघ को बातचीत के लिए बुलाया गया है। इसी कारण चरणबद्ध तरीके से हड़ताल की अवधि लगातार बढ़ाई गई और अब यह राज्यव्यापी आंदोलन का रूप ले चुकी है। धरने की अध्यक्षता बहादुरगढ़ इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस मौके पर जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़, इकाई कैशियर मुकेश बालगुहेर, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम, उपप्रधान अजय, महिला उपप्रधान ऊषा देवी, सह सचिव होशियार सिंह दरोगा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने भी आंदोलन में शामिल होकर समर्थन दिया।