स्थानीय भागलपुरी चौक स्थित खेल स्टेडियम में आगामी 26 जनवरी को उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। एसडीएम रेणुका नांदल ने सोमवार को उपमंडल सचिवालय स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है,कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निष्ठा और लग्न के साथ काम करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करें। एसडीएम ने आयोजन स्थल की सफाई, बैठने की व्यवस्था, मंच की सजावट, शौचालय व्यवस्था, एंबुलेंस, पेयजल आदि व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि इस बात का भी पूरा ख्याल रखा जाए कि सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सामाजिक उपदेश, राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हों। एसडीएम ने बताया कि समारोह में सरकार द्वारा क्रियान्वित जनकल्याणकारी नीतियों को प्रदर्शित करती हुई झांकियां भी शामिल की जाए। इनमें स्वास्थ्य विभाग, कृषि ,बागवानी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग आदि विभागों को शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल करवाई जाएगी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, एसएमओ डॉ. सुभाष चंद्र, सचिव नगरपालिका पूजा साहू, बीएओ डॉ. अशोक कुमार, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राजीव कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग अजय कुमार एआईपीआरओ डॉ. अश्वनी कुमार, दीपक कुमार उपस्थित रहे।