रोहतक लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा व हल्का विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादयान ने बेरी उपमंडल के गांव सिवाना में शहीद सचिन स्वामी की प्रतिमा का अनावरण किया और परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और झज्जर जिला रणबांकुरों की धरती रहा है। जब-जब विदेशी ताकतों ने देश पर हमला किया, तब-तब झज्जर के वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि गांव सिवाना में अपने छोटे भाई शहीद सचिन स्वामी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। वर्ष 2021 में शहादत के समय भी वे परिवार से मिले थे और भावनात्मक रूप से उनसे जुड़े हुए हैं। सांसद हुड्डा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शहीद सचिन स्वामी की स्मृति में गांव में एक आधुनिक लाइब्रेरी और सुंदर पार्क का निर्माण जल्द करवाया जाएगा। इस अवसर पर विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादयान ने कहा कि शहीद सचिन स्वामी पुत्र मास्टर राजबीर स्वामी ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। उन्होंने कहा कि भारत देश का कण-कण उस मां की कोख को नमन करता रहेगा, जिसने शहीद सचिन जैसे जांबाज देशभक्त को जन्म दिया। ऐसे महान बलिदानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता और देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।