झज्जर जिले का ऐतिहासिक गांव बुपनियां कभी अपनी सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छ वातावरण और सामाजिक सौहार्द के लिए क्षेत्रभर में पहचान रखता था। पुराने समय में गांव की साफ-सुथरी गलियां, चौपालें और पारंपरिक परिवेश इसकी अलग पहचान हुआ करते थे। लेकिन समय के साथ यह ऐतिहासिक गांव अब गंदगी, जलभराव और बदहाल सफाई व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझता नजर आ रहा है। गांव की अनेक गलियों में नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे सड़कों पर दूषित पानी जमा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध ने ग्रामीणों का जीवन प्रभावित कर दिया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। नियमित सफाई नहीं होने से नालियां जाम रहती हैं और गंदा पानी गलियों में फैल जाता है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और पंचायत के समक्ष समस्या उठाई गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका मानना है कि जिस गांव की पहचान कभी उसकी सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत से होती थी, आज उसी गांव की पहचान गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था बनती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, नालों की नियमित सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। उनका कहना है कि बुपनियां जैसे ऐतिहासिक गांव की गरिमा बनाए रखने के लिए स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गांव की गौरवशाली पहचान पर गर्व कर सकें।