शहर के पटेल नगर में 22 वर्षीय रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रानी की शादी करीब तीन महीने पहले विशाल निवासी पटेल नगर से हुई थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है और मामले में निष्पक्ष जांच कर इंसाफ दिलाने की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पिता की शिकायत पर थाना सेक्टर-6 पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतका रानी के पिता लक्ष्मण और माता रविता निवासी गांव जोरासी, तावडू ने बताया कि उनकी बेटी रानी की शादी 5 दिसंबर को हुई थी। तीन महीने में वह केवल दो बार अपने मायके आई थी। पिता के मुताबिक 1 मार्च को रानी ने अपनी मां रविता से दोपहर करीब ढाई बजे फोन पर बात की थी। वह अक्सर रोते हुए कहती थी, “मुझे लेने आ जाओ।” सोमवार रात उनके पास रानी के जेठ सचिन का फोन आया कि जल्दी बहादुरगढ़ पहुंचो। जब उन्होंने उनसे पूछा कि क्या हुआ है तो उन्होंने कारण नहीं बताया। बाद में उनके दामाद विशाल ने फोन पर बताया कि आपकी लड़की ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन सोमवार देर रात को बहादुरगढ़ पहुंचे। पिता का कहना है कि उनकी गुड़िया को इंसाफ मिलना चाहिए और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उनका कहना है कि उनकी बेटी पढ़ी लिखी थी वह फांसी नहीं लगा सकती। उनकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है।