दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह और झज्जर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए जिले में व्यापक स्तर पर चेकिंग और सर्च अभियान चलाया जा रहा है।झज्जर से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी वाहनों की पुलिस की तरफ से बारीकी से जांच की जा रही है। जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर कुल 27 पुलिस नाके लगाए गए हैं, जहां हर वाहन की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से जिले में करीब 800 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी सौंपी गई है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी झज्जर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इसी कड़ी में झज्जर बस स्टैंड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां दिल्ली जाने वाली बसों की गहनता से जांच की गई।