शहर में दुकानदारों द्वारा नालों व उससे आगे किए गए पक्के निर्माण को तोड़ने के लिए नगर परिषद का बुलडोजर अभियान वीरवार काे भी जारी रहा। वीरवार को नगर परिषद की टीम ने कच्चा बादली रोड पर दुकानों के आगे किए गए पक्के निर्माण को बुलडोजर व हथोड़ों की मदद से तोड़ने का काम किया। कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया और पहले नोटिस दिखाने की बात कही, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी नहीं माने और पक्के निर्माण पर बुलडोजर चला दिया गया। नगर परिषद की टीम एमई मनदीप जांगड़ा और बिल्डिंग इंस्पेक्टर संदीप के नेतृत्व में कच्चा बादली रोड पहुंची। टीम ने यहां कल जहां से काम छोड़ा था, उससे आगे काम शुरू किया। टीम ने बुलडोजर की सहायता से दुकानों के बाहर बने पक्के निर्माण को तुड़वा दिया। कुछ निर्माण को कर्मचारियों ने हथोड़े से तोड़ा। कुछ दूरी पर दुकानदार एकत्रित हो गए और कार्रवाई का विरोध किया। दुकानदारों ने कहा कि यह गलत है और पहले नोटिस दिखाया जाए। यहां अधिकारियों वे दुकानदारों की कुछ देर तक बहस भी हुई, लेकिन नगर परिषद कर्मचारी नहीं माने और बुलडोजर से पक्के निर्माण तुड़वा दिए गए।