कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय यादव ने की। कार्यकर्ता अनाज मंडी में एकत्र होकर प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदले जाने पर कांग्रेस पार्टी ने देश और प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना का नाम बदलकर महात्मा गांधी के विचारों का अपमान किया है बल्कि भाजपा ने नाम के साथ ही इसके मायने ही बदल डाले हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि पहले मनरेगा में केंद्र सरकार के तहत गारंटी काम मिलता था। लेकिन अब भाजपा ने इसे एक योजना बनाकर छोड़ दिया है। योजना के तहत सरकार चाहेगी तो ही काम मिलेगा जबकि कांग्रेस के समय में मनरेगा के तहत गारंटी से काम दिया जाता था।