भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि पांचों राज्यों में भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया है और तीन राज्यों में जनता के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत की सरकार बनी है। बड़ौली ने इसके लिए देश की जनता का आभार व्यक्त किया और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संदर्भ में भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों को समर्थन दिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र के चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया। बड़ौली ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का पुराना राग है और चुनाव में हार के बाद ऐसे आरोप लगाना उनकी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता ईवीएम के माध्यम से अपना मत देते हैं और उन पर सवाल उठाना मतदाताओं का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला करते हुए कहा कि हार की निराशा के कारण वे इस तरह के बयान देते हैं, लेकिन देश की जनता सब समझती है। बड़ौली ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ेंगे, कांग्रेस पार्टी का जनाधार और कमजोर होता जाएगा और जनता उनके बयानों से दुखी होकर उन्हें नकार देगी। वहीं, जिला परिषद झज्जर के पार्षद एवं पूर्व वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी की पार्टी में जॉइनिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर बड़ौली ने कहा कि इस विषय पर निकाय चुनाव के बाद ही जवाब दिया जाएगा।