स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव शुक्रवार सुबह निरीक्षण के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ओपीडी सहित दवा भंडार का निरीक्षण किया। सबसे पहले वह महिलाओं की ओपीडी में पहुंचे। यहां उन्होंने नर्स से पूछा कि क्या महिलाओं के आरसीएच रजिस्ट्रेशन हुआ, जिसका जवाब नर्स के पास नहीं था। नर्स ने कहा कि ये काम एएनएम का हैं। इस जवाब पर निदेशक ने नाराजगी जताई और कहा कि यहां इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। निदेशक ने जब रिकॉर्ड चेक किया तो अधिकतर महिलाओं के रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। निदेशक ने डिप्टी सीएमओ को भी इस पर फटकार लगाई और कहा कि होने वाली मीटिंग में वह इसका जवाब देने के लिए तैयार रहे। निदेशक ने महिलाओं से बातचीत की। एक महिला ने बताया कि उसे कोई कार्ड नहीं दिया गया हैं और न ही कोई रजिस्ट्रेशन हुआ हैं। महराणा से आई महिला ने बताया कि आशा वर्कर उनसे फ़ोन पर संपर्क रखती हैं। जब उन्होंने पूछा कि क्या आशा वर्कर मिलती हैं तो महिला ने इनकार कर दिया।