शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम रोड पर एक भव्य स्वागत द्वार बनाया जाएगा, जिस पर एक करोड़ 35 लाख 60 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। इसी प्रकार सांपला रोड पर हाइवे के समीप चौराहे का सुंदरीकरण किया जाएगा, जिस पर एक करोड़ 32 लाख 36 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर लगभग 19 करोड़ 72 लाख 66 हजार रुपये के 33 विकास कार्यों को कमेटी ने वित्त एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। अब इनके टेंडर लगाए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने उपरांत जल्द ही इन निर्माण कार्यों को शुरू करवा दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जिला नगर आयुक्त अभिनव सिवाच ने की जबकि नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी, वाइस चेयरमैन अंशुल प्रवीण गर्ग सहित अन्य व अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिन विकास कार्यों के लिए मंजूरी दी गई, उसमें गुरुग्राम रोड, छिकारा चौक से दादरी बाईपास और महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी तक सेंट्रल वर्ज का काम किया जाएगा। इस पर एक करोड़ 61 लाख 55 हजार की राशि खर्च होगी। इसी प्रकार गुरुग्राम रोड, बहादुरगढ़ रोड, महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी तक डैकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। इन पर 2 करोड़ 47 लाख 2 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। साथ ही गुरुग्राम रोड, बहादुरगढ़ रोड, महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी से पंचनद चौक से होते हुए बैनीवाल चौक तक लगे पुराने पोल को शिफ्ट किया जाएगा। इन पर 44.43 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।