चेयरपर्सन बोली-गुणवत्तायुक्त कार्य किया जाए वरना होगी कड़ी कार्रवाई बहादुरगढ़। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने शुक्रवार को सेक्टर-6 स्थित विभिन्न पार्कों का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर चेयरपर्सन ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई तथा कार्य में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सरोज राठी ने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद की ओर से कराए जा रहे सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ और तय मानकों के अनुसार पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों में चल रहे प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाए और सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की प्रगति का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पार्कों का विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा हो ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सरोज राठी ने कहा कि नगर परिषद शहर के सभी पार्कों को सुंदर, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। लोगों को बेहतर वातावरण और बच्चों को सुरक्षित खेल स्थल उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जहां भी कमी मिलेगी, वहां तुरंत सुधार कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पार्कों के रखरखाव और विकास से जुड़े कुछ सुझाव चेयरपर्सन के समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर रिटायर्ड एसडीओ राजकुमार, मास्टर राजपाल कुमार छिल्लर, ओमप्रकाश आर्य, इंद्रजीत कत्याल, जगबीर मान, कृष्ण लाल वर्मा, करण सिंह दलाल, रोशन लाल सेठी, कृष्ण मास्टर, रोशनी प्रधान, पिंकी, निशा कत्याल, कुसुमलता, निर्मला, आकाश जेई तथा संबंधित ठेकेदार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।