खानपुर कलां में शनिवार को भाद्रपद माह में आयोजित होने वाला दो दिवसीय मेले का आयोजन शुरू हो गया। गोगाजी को गोगा पीर, गोगा गुरु, बागड़ वाला, जहारवीर, जाहरपीर व सर्पों के देवता आदि नामों से जाना जाता है। श्रद्धालुओं ने गोरखनाथ व गोगाजी मंदिर में माथा टेकर पूजा अर्चना की। आस्था के दीपक जलाकर मन्नत मांगी। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, चूरमे का भोग लगाया। शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोगाजी व गोरखनाथ के दर्शन करने के लिए मंदिर में पहुंचे और माथा टेक मन्नत मांगी। गोगाजी मंदिर कमेटी के प्रधान अत्तर सिंह ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले मेले का समापन रविवार शाम को कुश्ती दंगल के साथ ही होगा। मेले में श्रद्धालुओं ने अपने शिशुओं के मुंडन और गठजोड़ों की जात लगाकर बाबा जाहरवीर के दर्शन किए।जन्माष्टमी पर्व पर यहां गोगा मंदिर परिसर के पास बने श्रीकृष्ण राधा के मंदिर में भी विशेष पूजा अर्चना देखने को मिली। इस दौरान महिलाएं व बच्चों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। हल्की बारिश होने के बाद श्रद्धालुओं में जोश और अधिक देखने को मिला। इस दौरान महिलाओं और युवाओं ने झूलों का भी आनंद लिया।