दिल्ली रोड पर प्रस्तावित महाराजा अरुट स्वागत द्वार को लेकर चल रहे विवाद के बीच आज सर्व समाज की राव तुलाराम चौक पर महापंचायत होगी। जिसमें चौक व द्वार के एक साथ बनाए जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। वहीं शनिवार को सर्व पंजाबी समाज ने प्रेस वार्ता कर द्वार के समर्थन में अपनी बात रखी थी। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस स्वागत द्वार का विरोध बेवजह किया जा रहा है और इससे शहर के सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है। समाज के सदस्यों ने बताया कि महाराजा अरुट स्वागत द्वार का टेंडर जनवरी माह में ही स्वीकृत हो चुका था तथा निर्माण कार्य 15 फरवरी से शुरू होना था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही अनावश्यक विवाद खड़ा कर दिया गया।