गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के विद्यार्थियों ने फीस वृद्धि को लेकर मंगलवार को दूसरे दिन भी कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पिछले दो वर्षों में विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में अत्यधिक वृद्धि की गई है। प्रदेश के अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों की तुलना में कई गुना ज्यादा फीस बढ़ाई गई है। क्रान्तिकारी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन केएसओ के अध्यक्ष हरिकेश ढांडा ने कहा कि जब तक फीस वापस नहीं होगी आंदोलन जारी रखेंगे। प्रो. अनिल भानखड़, प्रो. संजीव कुमार, प्रो. संदीप ने ज्ञापन लेने के बाद विद्यार्थियों को आश्वासन दिया की उनकी मांगों का समाधान किया जाएगा। फीस बढ़ोतरी को लेकर बनाई गई समिति तथ्य जुटा रही है। इस बारे में विद्यार्थियों के हित में फैसला लिया जाएगा।