पहलगाम में आतंकियों का हमला भी श्रद्धालुओं के हौसले को डिगा नहीं सका है। श्रद्धालु उतनी ही संख्या में अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। हिसार के शिव भक्त अमरनाथ यात्रियों के लिए भंडारे की सेवा की तैयारी भी पूरी कर चुके हैं। श्री शिव सेवा युवा मंडल चेरिटेबल एवं वेलफेयर ट्रस्ट भी 1 जुलाई से भंडारा शुरु करेगा। ट्रस्ट के प्रधान संदीप ने कहा कि कोई आतंकी हमारी आस्था को नहीं डिगा सकता। शिव भक्त उतनी ही श्रद्धा के साथ भोले बाबा की सेवा के लिए जाएंगे। प्रधान संदीप ने बताया आतंकियों ने पहले भी कई बार हमले किए हैं। 2018 में भी अमरनाथ यात्रा बंद करने के लिए धमकी दी गई थी। एक बार अमरनाथ यात्रा के लिए लगाए गए हमारे टैंट भी जला दिए गए थे। इसके बाद भी हम लोग वहां से नहीं हिले। भोले बाबा की सेवा में जुटे रहे। 2016 जब श्रद्धालुओं की बस पर हमला किया तो लोग काफी डर गए थे। कुछ श्रद्धालु कैंप में ही फंसे थे। हमने उनको हौंसला दिया। जिसके बाद वह लोग यात्रा को पूरी करके ही वापस लौटे। उन्होंने बताया कि पहले हम टोहाना के साथ मिलकर भंडारा लगाते थे। पिछले तीन साल से अपना अलग भंडारा शुरु किया हे। करीब 40 से 50 लाख रुपये खर्च आता है। जो जनता ही दान देती है। सदस्य राजकुमार शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट हर एक व्यक्ति को वीआईपी ट्रीटमेंट देता है। हम हर एक श्रद्धालु को खाना, गर्म पानी, बिस्तर, चाय, काफी उपलब्ध कराते हैं। श्रद्धालुओं को घर जैसा खाना तथा सम्मान देते हैं। क्लब से जुड़े कृष्ण कुमार ने बताया कि हमारे ट्रस्ट से जुड़े 40 लोग एक ट्रक सामग्री लेकर 15 जून को रवाना होंगे। एक जुलाई तक हम सभी व्यवस्था पूरी कर लेंगे। उसी दिन से भंडारा शुरु करेंगे। यात्रा 3 जुलाई से शुरु होकर 7 अगस्त तक चलेगी। हमारा भंडारा 1 जुलाई से 9 अगस्त तक रहेगा। शिव सेवक मंडल ने अमरनाथ भंडारे के लिये ड्यूटियां लगाई हिसार। श्री शिव सेवक मंडल की बैठक होटल सिटी स्केयर में मंडल के प्रधान डॉ. महिपाल मुंजाल की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने पहले आतंकी घटना में मारे गये निर्दोष लोगों को दो मिनट का मौन धारण करके श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके बाद अमरनाथ यात्रा के दौरान मंडल द्वारा श्रीनगर में पैंथा चौक पर लगाये जाने वाले 14वें भंडारे की तैयारियों की रुपरेखा तय की गई। भंडारा 3 जुलाई से लेकर 9 अगस्त तक चलेगा। बैठक में मंडल से जुड़े सेवादारों की अलग-अलग ड्यूटियां लगाई गई। राशन सामग्री से भरे ट्रकों को भंडारे से पूर्व हिसार से रवाना करने का निर्णय लिया गया। डॉ. महिपाल मुंजाल ने बताा कि मंडल की ओर से अमरनाथ यात्रियों के लिये अब तक 13 भंडारे लगाये जा चुके हैं।