हिसार की ऑटो मार्केट में स्थित एक शराब के ठेके बाहर मंगलवार शाम सात बजे के करीब तीन युवकों द्वारा फायरिंग करने और ठेके पर पथराव करने के मामले में शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस संबंध में ठेके पर काम करने वाले कृष्ण ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दी। शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार को कई संदिग्धों से पूछताछ भी की। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस को दी गई शिकायत में सिरसा के रहने वाले कृष्ण कुमार ने बताया कि सिसाय गांव के राजेश ने ऑटो मार्केट में शराब का ठेका लिया हुआ है। वह उस पर काम करता है। मंगलवार शाम को एक अन्य कर्मचारी जींद के कर्मगढ़ निवासी बलकार के साथ ठेके पर बैठा था। इस दौरान बाइक पर सवार तीन युवक आए। ठेके सामने बाइक रोकने के बाद एक युवक ने पिस्तौल से फायरिंग की। दूसरे युवक ने ठेके की तरफ एक पत्थर फेंका और वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। शहर थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ली है।