हरियाणवी गायक कलाकार मासूम शर्मा रविवार को अपने परिवार पंडित अन्नू शर्मा के घर हांसी पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने हरियाणवी संगीत, फिल्म इंडस्ट्री, गन कल्चर, हरियाणवी भाषा और कलाकारों व कारोबारियों को निशाना बनाए जाने जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हांसी उनका अपना घर है और यहां अपने परिवार पंडित अन्नू शर्मा के घर आना हुआ है। हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री और आने वाली फिल्मों को लेकर मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणवी सिनेमा में बनने वाली सभी फिल्मों को समर्थन मिलना चाहिए। वह खुद भी हरियाणवी फिल्मों को सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी अपनी फिल्म भी आने वाली है, जिस पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणवी सिनेमा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। हरियाणा में गन कल्चर को लेकर चल रही चर्चा पर गायक ने स्पष्ट कहा कि गन कल्चर नहीं होना चाहिए। यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश में नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा अपनी मां बोली को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने पेशे के माध्यम से समाज में योगदान देता है। लेखक अपनी कलम से, गायक अपनी आवाज से और चित्रकार अपनी कला के जरिए योगदान देता है।