गांव ढाणी केंदु में शॉर्ट सर्किट के कारण मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के दो छोटे बच्चे अंदर सो रहे थे, लेकिन मां ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को समय रहते बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग शाम करीब चार बजे लगी थी। उस समय महिला सीमा अपने बच्चों के साथ सो रही थी। तभी छत पर लगे पंखे बंद हो गए। गर्मी होने पर महिला की आंख खुली तो देखा की मकान में आग लगी हुई है। महिला ने समय रहते अपने दोनों बच्चों को घर से बाहर निकाला। रामनिवास ने बताया कि वह पीओपी का काम करते हैं। मंगलवार को वह काम पर गए हुए थे। वापस लौटे तो आग ने सब कुछ खत्म कर दिया था। वर्षों की मेहनत से बड़ी मुश्किल से इकट्ठा किया गया घर का सारा सामान आग में जलकर राख हो गया। खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा की जरूरत का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि हालांकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंची, तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गांव के सरपंच प्रतिनिधि विजय फौजी ने कहा कि आग लगने की घटना में गरीब परिवार का सब कुछ खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अब इस परिवार को दोबारा घर बसाने में कई साल लग सकते हैं, क्योंकि घर में कुछ भी शेष नहीं बचा है। आग की वजह से परिवार बेहद कठिन स्थिति में पहुंच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तुरंत राहत और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि परिवार दोबारा अपनी जिंदगी संभाल सके।