दिल्ली रोड पर गांव ढाणी पिरान में जींद की सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने दूध के चिलिंग मिल्क प्लांट पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इस कार्रवाई के दौरान प्लांट में करीब 5 हजार लीटर दूध मिला। टीम ने मौके से दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। बता दें कि मिलावटखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह रेड की है। रिपोर्ट आने के बाद ही दूध की गुणवत्ता और किसी प्रकार की मिलावट की पुष्टि हो सकेगी। बताया जा रहा है कि यह प्लांट आसपास के गांवों से दूध एकत्रित करता था और दूध खराब न हो इसके लिए यहां चिलिंग सिस्टम लगाया गया था। इसके बाद यहां से दूध को आगे सप्लाई किया जाता था। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो चिलिंग मिल्क प्लांट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिसार एफएसओ काजल मेहतानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद रेड की गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की मिलावट या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 5000 हजार लीटर दूध यहां मिला है।