हांसी की पुरानी सब्जी मंडी इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। जिस जगह को शहर के विकास और बेहतर व्यवस्था के लिए इस्तेमाल करने की बात कही गई थी, आज वही जगह कूड़े और गंदगी के ढेर में तब्दील होती नजर आ रही है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और उठती बदबू से आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग परेशान हैं। पुरानी सब्जी मंडी में लगातार कूड़ा डाले जाने से यहां के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण लोगों का यहां आना-जाना कम हो रहा है। इसका सीधा असर उनकी ग्राहकी और कारोबार पर पड़ रहा है। दुकानदारों के मुताबिक जब पुरानी सब्जी मंडी को यहां से शिफ्ट किया गया था, उस समय प्रशासन की ओर से कहा गया था कि इस जगह पर शहर में लगने वाली रेहड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। लेकिन समय बीतने के बावजूद उस योजना पर कोई काम नहीं हुआ और अब यह जगह धीरे-धीरे डंपिंग स्टेशन का रूप लेती जा रही है। पुरानी सब्जी मंडी प्रधान तरुण कुमार का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। विधायक के सामने भी कई बार मामला रखा गया, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। गंदगी और बदबू के चलते लोगों का आवागमन कम हो रहा है और दुकानदारों का काम भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदार खैराती का आरोप है कि कई बार अधिकारियों के सामने समस्या रखी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों का कहना है कि अगर समय रहते सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों की मांग है कि पुरानी सब्जी मंडी में अवैध तरीके से कूड़ा डालने पर रोक लगाई जाए, पूरे क्षेत्र की सफाई करवाई जाए और खाली पड़ी जमीन का उचित इस्तेमाल किया जाए। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर कब सुधरेगी पुरानी सब्जी मंडी की हालत? कब मिलेगा गंदगी और बदबू से छुटकारा? और कब प्रशासन करेगा इस जगह के उचित इस्तेमाल की व्यवस्था।