संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। गांव चानौत में पानी की मांग को लेकर चल रहे धरने पर इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला पहुंचे और ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इनेलो पहले दिन से इस आंदोलन के साथ खड़ी है। और जब तक ग्रामीण एकजुट होकर मजबूती से संघर्ष करेंगे, तब तक सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेगी। अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि हांसी जाने वाली पाइपलाइन में टी लगाकर उखाड़ा गया। यहां से विनोद भयाना ने पार्टी के नेताओं से साथ जाकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के पास जाकर इस फैसले को वापिस करवाया। वहां से टी हटाने व प्रदर्शनकारियों पर मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने भाजपा विधायक विनोद भयाना पर भी तीखा हमला बोलते हुए कई राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि उनकी जगह जनता के बीच नहीं बल्कि जेल में होनी चाहिए। भिवानी की शहरी पाइपलाइन से भी इसी प्रकार टी लगाई गई। अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा का पानी राजस्थान भेजने की कोशिश की जा रही है, जबकि हरियाणा को अभी तक एसवाईएल के हिस्से का पूरा पानी नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस भी हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को देने के पक्ष में थी, लेकिन इनेलो ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि इनेलो इस मुद्दे पर पार्टी की बैठक में सख्त फैसला लेगी। उनका कहना था कि जब तक हरियाणा को एसवाईएल का पूरा पानी नहीं मिलता। तब तक हरियाणा का पानी आगे नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए चाहे कितनी भी बड़ी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े, इनेलो पीछे नहीं हटेगी।