टोहाना। शहर के रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। घटना 24 तारीख की दोपहर करीब 12:05 बजे की है। मृतक की पहचान तिलक नगर निवासी 55 वर्षीय पूर्ण चंद के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए रेलवे पुलिस इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि मृतक 23 तारीख की सुबह हिसार में अपने बेटे राजकुमार के पास आया था। शाम को करीब 6 बजे वह टोहाना में रह रहे अपने दूसरे बेटे सतबीर के घर पहुंचा। चाय पीने के बाद वह बिना बताए घर से निकल गया। रायपुरानी की तरफ से आ रही ट्रेन की पिछली तरफ से वह नीचे घुस गया और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से दिमागी परेशानी से जूझ रहा था। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल टोहाना के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।