जाखल। भैंस व्यापारी से तेजधार हथियार दिखाकर 1.90 लाख रुपए लूट लिए। लूट को गांव कूदनी के पास अंजाम दिया गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। पुलिस को किशोरी लाल, निवासी वार्ड नंबर 4, रामनगर, टोहाना ने बताया कि वह भैंसों का व्यापार करता है और वह मामूपुर से कूदनी होते हुए टोहाना की ओर लौट रहा था। इसी दौरान गांव कूदनी के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और उसके पास मौजूद 1.90 लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ बदमाशों की पहचान के प्रयास में जुट गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। थाना प्रभारी संजय ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।