जिले में एक दिसंबर से कलेक्टर गेट बढ़ जाएंगे। रेट बढ़ने से पहले ही रजिस्ट्री करवाने के लिए दो दिन से ई दिशा केंद्रों में भीड़ उमड़ रही है। सामान्य दिनों में जहां एक दिन में ई दिशा केंद्र में 50 रजिस्ट्री हो रही थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 100 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को भी फतेहाबाद स्थित ई दिशा केंद्र में रजिस्ट्री करवाने आए लोगों की भारी भीड़ लगी रही। महिलाओं की भी अच्छी खासी उपस्थिति रही। कई महिलाएं तो छोटे-छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंची। एकदम से दबाव बढ़ने के कारण राजस्व विभाग की वेबसाइट भी स्लो रही। इससे एक रजिस्ट्री में 10 से 15 मिनट का समय लगता रहा। शुक्रवार को 127 टोकन काटे गए जबकि इससे पहले वीरवार को 60 रजिस्ट्री हो पाई थी। ई दिशा केंद्र में कार्यरत कर्मचारी देवीलाल ने बताया कि एक दिसंबर से नए कलेक्टर रेट लागू होंगे। रजिस्ट्री के लिए शुक्रवार का दिन आखिरी है क्योंकि शनिवार व रविवार को छुट़्टी रहेगी। सोमवार से नए कलेक्टर रेट के साथ ही रजिस्ट्री होगी।