टोहाना शहर के शास्त्री बाजार स्थित रतन ज्वेलर्स की दुकान से दो लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर लाखों रुपये की चांदी की ज्वेलरी लूट कर ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद से बाजार में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पाकर शहर पुलिस से थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। शहर पुलिस व सीआईए पुलिस द्वारा अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा टोहाना से बाहर की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई हैं ताकि आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार किया जा सके। पिस्तौल तानने वाले आरोपी ने हेलमेट से मुंह ढका हुआ था। इस दौरान आरोपी भागते समय दुकानदार का मोबाइल साथ में ले गए थे, लेकिन वह रास्ते में ही गिर गया जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। दुकानदार शिव शंकर ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे दो बदमाश उसकी दुकान में घुस आए। इनमें से एक ने हेलमेट लगाया हुआ था। आते ही पिस्तौल उसके ऊपर तान दी और कहा कि जो भी सामान है, दे दो। इस दौरान आरोपी उसकी दुकान से करीब दो किलो चांदी की ज्वेलरी लूट कर ले गए। उनके जाते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। टोहाना शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि रतन ज्वेलर्स की दुकान पर लूट की वारदात की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है।