नगर परिषद में अधिकारियों के न होने और विकास कार्य रूके होने को लेकर वीरवार दोपहर को पार्षद जिला नगर आयुक्त अनुराग ढालिया के पास पहुंचे। पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद कार्यालय में कार्यकारी अभियंता नहीं, एमई छुट्टी पर है और जेई भी नहीं है। वार्डो में काम नहीं हो रहे है। डीएमसी ने कहा कि निदेशक नगर निकाय को पत्र लिखा गया है ताकि कार्यकारी अभियंता के पद नियुक्ति हो सके। ईओ को भी निर्देश जारी किए गए है कि जो कर्मचारी छुट्टी पर है उन्हें डयूटी पर बुलाया जाए। वहीं विधायक बलवान सिंह ने वीरवार को विधानसभा में पार्षदों के काम न होने का मुद्दा उठाया और अमर उजाला के वीरवार के अंक में विकास पर ब्रेक..रिश्वतकांड के बाद पार्षदों के अटके 264 एजेंडे शीर्षक से प्रकाशित खबर का जिक्र किया। डीएमसी के पास पहुंचे पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मोहन लाल नारंग ने किया। उन्होंने डीएमसी को बताया कि अधिकारियों की गैरमौजूदगी के कारण नगर परिषद से जुड़े अनेक जरूरी विकास कार्य अटके हुए हैं, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर पार्षद सुखदेव सिंह, चंद्रभान वधवा, अनिल गर्ग, जगदीश नायक, पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र आहुजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।