टोहाना केमिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रधान कन्हैया लाल अरोड़ा के नेतृत्व में फतेहाबाद जिले में केमिस्टों ने एक दिवसीय हड़ताल कर विरोध जताया। सुबह 8 बजे से ही संगठन के पदाधिकारी डोर टू डोर पहुंचे और मेडिकल स्टोर बंद करवाए, ताकि हड़ताल पूरी तरह सफल रहे। जिला प्रधान कन्हैया लाल अरोड़ा ने बताया कि ऑनलाइन दवा व्यापार के लगातार बढ़ने से स्थानीय केमिस्टों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे केमिस्टों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसी के विरोध में देशव्यापी एक दिवसीय बंद का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि इस हड़ताल में भारतभर के लगभग 12 लाख 40 हजार से अधिक केमिस्ट शामिल हैं। कर्मचारियों को मिलाकर यह आंकड़ा एक करोड़ से अधिक पहुंच जाता है। अरोड़ा ने मांग की कि सरकार ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम बनाए और स्थानीय केमिस्टों के हितों की रक्षा करे। हड़ताल के कारण जिले भर में मरीजों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द संज्ञान नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।