टोहाना बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव पर्यवेक्षक सतपाल सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन फार्म वीरवार 27 अगस्त को दोपहर एक बजे से चार बजे तक लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश होने के कारण 29 अगस्त को भी दोपहर एक से चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 30 अगस्त को होगी, जबकि 31 अगस्त को दोपहर एक से चार बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यदि चुनाव में मुकाबला होता है तो मतदान 11 सितंबर 2026 को सुबह नौ बजे से कराया जाएगा। सिंगला ने बताया कि इस बार बार एसोसिएशन की मतदाता सूची में कुल 326 मतदाता शामिल हैं। चुनाव प्रधान, उप प्रधान, सचिव, संयुक्त सचिव और कैशियर पदों के लिए कराए जा रहे हैं। इनमें उप प्रधान और संयुक्त सचिव का पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उनके साथ एआरओ के तौर पर कृष्ण कुमार गोयल सहयोग कर रहे हैं। उधर, नामांकन शुरू होते ही बार में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। पहले दिन कई अधिवक्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।