गांव नंगल के पशु व्यापारियों की गाड़ी को शनिवार रात्रि को अग्रोहा टोल पर पिस्तोल दिखाकर अपहरण कर लिया और उनको छोडऩे की एवज में 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। जिसके बाद 30 हजार रुपये गुगल पे कर गाड़ी व ड्राइवर को छोड़ा गया। पशुओं की गाड़ी का अपहरण करने और फिर फिरौती मांगने की जानकारी जैसे ही क्षेत्र में फैली तो पशु व्यापारियों में रोष है। जिसके बाद क्षेत्र के पशु व्यापारी नंगल की पशु मंडी में एकजुट हुए और बैठक आयोजित की गई। बैठक में नंगल केे अलावा कई गांवों के पशु व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में पशु व्यापारियों से फिरौती मांगने, धमकियां देने वाले गिरोह पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पार्षद प्रतिनिधि धोलू राम, पूर्व सरपंच पप्पू राम, नंगल के पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता छिंद्रपाल मजोका, हरियाणा ओड सभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष छिंद्रपाल छिंदा नंगल, उपदेश आदि ने बताया कि पशु व्यापारियों को फिरौती मांगने वाले गिरोह द्वारा परेशान किया जा रहा है। पशु व्यापारियों से फिरौती मांगने, जान से मारने की धमकियां देने की घटनाएं हो रही हैं। पशु व्यापारी जब भी गाडिय़ों में पशु लेकर जाते हैं उन्हें रास्ते में घेरकर फिरौती के लिए तंग व परेशान किया जाता है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात्रि भी अग्रोहा टोल पर पर गाड़ी के ड्राइवर को पिस्तोल दिखाकर अपहरण कर लिया और उनको छोडऩे की एवज में 50 हजार रुपये की मांग की गई। जिसके बाद 30 हजार रुपये गुगल पे कर गाड़ी व ड्राइवर को छोड़ा गया। मामले को लेकर व्यापारियों नेे अग्रोहा थाने में शिकायत भी दी है। पशु व्यापारियों ने कहा कि पिछले साल जनवरी माह में गांव सरदारेवाला की पशु मंडी में भी बदमाशों द्वारा गोलियां चलाई थी। मामले को लेकर पशु व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने फतेहाबाद में एसपी कार्यालय में भी शिकायत सौंपी है।