सीआई फतेहाबाद पुलिस ने 5 किलो 140 ग्राम चूरा पोस्त सहित एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। सीआई फतेहाबाद प्रभारी उप-निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। जब टीम दरियापुर से आगे पहुँची तो सर्विस लाइन पर एक युवक मोटरसाइकिल की टंकी पर सफेद रंग का प्लास्टिक कट्टा रखे संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस गाड़ी को देखकर युवक मोटरसाइकिल स्टार्ट कर ढाणी चानणवाली की ओर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे मोटरसाइकिल सहित काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 किलो 140 ग्राम (कट्टा सहित) चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी की पहचान पवन पुत्र मोहन लाल, निवासी गांव कुकड़ावाली, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया है। बरामद मादक पदार्थ व मोटरसाइकिल को कब्जा पुलिस में लिया गया है।