पुराना बस स्टैंड के सामने चौक में बुधवार दोपहर को एसबीपी डीएवी स्कूल बस के नीचे आने से डीसी कॉलोनी निवासी संजय की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। हादसे के दौरान दोनों दवाई लेने के लिए निजी अस्पताल जा रहे थे। हादसे के बाद हिसार-सिरसा रोड पर लंबा जाम लग गया। करीब 20 मिनट तक शव बस के नीचे फंसा रहा। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और बस स्टैंड चौकी पुलिस ने बस को स्टार्ट करके शव को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने बस काफी स्पीड में थी और रोड पार कर रहे व्यक्ति को चपेट में ले लिया। गनीमत ये रही कि बस में सवार बच्चों को चोटें नहीं आई है। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। जिन्हें पीछे से आ रही दूसरी बस में रवाना किया गया।