कांग्रेस सांसद एवं महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के स्नातकोत्तर शिक्षक स्तर की परीक्षा में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को प्रदेश के 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कई स्थानों पर प्रश्न पत्रों की सील टूटी मिली, जिससे पूरी परीक्षा की निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है। उनके अनुसार रेवाड़ी, दादरी सहित कई केंद्रों पर यह स्थिति सामने आई और दादरी के अधिकारियों ने भी सील टूटने की बात स्वीकार की। सुरजेवाला ने कई अभ्यर्थियों के वीडियो भी जारी किए हैं। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि रेवाड़ी और कैथल में प्रश्न पत्र तथा उत्तर पत्रिका के क्रमांक अलग-अलग मिले। कुछ परीक्षार्थियों को पहले दूसरे विषय का प्रश्न पत्र दिया गया, जिसे बाद में बदला गया।