सेहला गांव की रहने वाली किसान परिवार की बेटी सिमरन ने हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। सिमरन ने ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 17वां स्थान प्राप्त किया और कुल 675 में से 374.70 अंक हासिल किए। परिणाम घोषित होते ही परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। सिमरन के पिता बलजीत सिंह किसान हैं, जबकि माता मोहिंदरजीत कौर गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई मानसिंह भारतीय सेना में सेवाएं दे रहा है। उन्होंने नीलोखेड़ी स्थित इंजीनियरिंग संस्थान से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। सिमरन वर्ष 2021 से पीएससी की तैयारी कर रही हैं और अब तक चार प्रयास दे चुकी हैं। पिछले वर्ष वह पीएससी के साक्षात्कार तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पहली बार एचसीएस परीक्षा दी, जिसमें सफलता हासिल की। सिमरन ने बताया कि एचसीएस के लिए उन्होंने अलग से तैयारी नहीं की थी। पीएससी की पढ़ाई ही काम आई। करीब 30 मिनट चले साक्षात्कार में करियर, हॉबी और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े सवाल पूछे गए। सिमरन अब प्रशासनिक सेवा में जाकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर करियर मार्गदर्शन देने की दिशा में काम करना चाहती हैं।