दिवाली पर बिजली लाइनों में फाल्ट से बचाव के लिए निगम ने ट्री कटिंग अभियान चलाया है। इस दौरान बिजली लाइनों के बीच आ रही पेड़ों की टहनियों को हटाया जा रहा है। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को निगम कर्मचारी हाईड्रोलिक मशीन के जरिए बिजली लाइनों के बीच से पेड़ों की टहनियों को हटाने में जुटे रहे। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने दिवाली पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी फीडरों पर स्पेशल मेंटनेंस के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ बिजली लाइनों पर ट्री कटिंग का काम भी किया जा रहा है। बारिश के बाद पेड़ों की टहनियां इलेवन केवी व एलटी लाइनों के बीच आ रही हैं। जिनकी वजह से लाइनों में स्पार्किंग और फाल्ट भी बढ़ रहे हैं। इसी के चलते दिवाली पर किसी तरह का बिजली को लेकर व्यवधान न पड़े इसी के चलते ट्री कटिंग अभियान चलाया जा रहा है। निगम के सर्कल महाप्रबंधक विनोद पूनिया ने बताया कि शहरी दायरे में बिजली के खंभों पर अनावश्यक तारों के जाल से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ ट्री कटिंग का काम चल रहा है।