प्रदेशभर में बुधवार से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन शिक्षा बोर्ड चेयरमैन ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक या आउट करवाने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस बार की हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं में 5 लाख 71 हजार के करीब बच्चे बैठेंगे। इनमें 10वीं में 2 लाख 95 हजार और 12वीं में 2 लाख 71 हजार के करीब बच्चे बैठेंगे। आज से 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और कल से 10वीं की परीक्षा शुरू होंगी, जो एक अप्रैल तक चलेंगी। आज पहले दिन खुद शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ पवन कुमार व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण करने राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र पहुंचे। शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ पवन कुमार ने औचक निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले दिन परीक्षाएं सुचारू रूप से शुरू हो रही हैं। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस के कड़े पहरे है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले जमावड़े के सवाल पर चेयरमैन ने कहा कि गाँवों में परीक्षाओं को तमाशा मान कर भीड़ होती है, ऐसे में पंचायतें भीड़ ना जुटने दें। पेपर लीक या आउट होने को लेकर चेयरमैन डॉ पवन कुमार ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। कोई भी कर्मचारी अपने कॅरियर से खिलवाड़ ना करे। उन्होंने कहा कि ऐसे करने पर पिछले साल 138 कर्मचारियों पर गाज गिरी थी। चेयरमैन ने कहा कि खुद मुख्यमंत्री से बुधवार को बैठक कर डीसी और एसपी को कड़े निर्देश दिए और कहा है कि जहां जो भी जरूरी हो वो व्यवस्था करें, कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।