भिवानी में हरियाणा के सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने 18 अक्तूबर को केबिनेट में वंचित, शोषित व पीडि़त वर्गों को उनका हक दिलाने के लिए डीएससी समाज के वर्गीकरण को बहाल करने का काम किया है। जो हरियाणा के वंचित परिवारों को ऊपर उठाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने परिवारवाद व क्षेत्रवाद को राजनीति से समाप्त कर बगैर पर्ची-खर्ची के युवाओं को रोजगार दिया। जिन युवाओं को पहले अपनी जमीन व जेवर बेचकर सिफारिश व पैसे देकर रोजगार मिलता था, वे अपनी योग्यता के बल पर नौकरी पाने में भाजपा के कार्यकाल में सफल रहे। यह बात उन्होंने आज भिवानी के देवसर धाम में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने भिवानी के पंचायत भवन में पहुंचकर डीएससी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक कर 24 नवंबर को जींद में होने वाले डीएससी समाज द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री के अभिनंदन समारोह का न्यौता भी दिया। इस मौके पर केबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में प्रदूषण की समस्या को सभी लोगों को मिलकर सुलझाना होगा। इस समस्या को समझते हुए प्रदूषण को कम करने वाले बिंदुओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने आखिरी टेल तक पानी पहुंचाने के साथ ही घर बैठे युवाओं को पेंशन देने का काम किया है। जहां हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र में लाल डोरे को समाप्त किया गया। वही शहरी क्षेत्र में वर्षो से दुकान व जमीनों पर लोग काबिज थे, उन्हें मालिकाना हक देने का निर्णय भी भाजपा सरकार ने लिया है। केबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर लोगों को बरगलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ईवीएम में खराबी के नाम पर कांग्रेस लोगों को बरगला रही है। जब लोकसभा में कांग्रेस की पांच सीटें आई, हिमाचल व कनार्टक में कांग्रेस की सरकार बनी। तब ईवीएम को कांग्रेस ने ठीक बता दिया। अब ईवीएम के मामले को न्यायालय में ले जाकर कांग्रेस लोगों को बरगलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने झारखंड व महाराष्ट्र चुनाव में एनडीए की जीत का दावा भी किया।