भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी के आह्वान पर वीरवार को किसानों ने लघु सचिवालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसान सभा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान सभा ने भिवानी जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने, विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने तथा फसल क्षति दर्ज करवाने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा और क्षतिपूर्ति पोर्टल तत्काल खोलने की मांग की। किसान सभा पदाधिकारियों ने कहा कि अत्यंत कम बारिश, नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आने और अधिकांश क्षेत्रों में भूमिगत जल खारा होने के कारण कपास, बाजरा, मूंग, धान, मूंगफली सहित खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनियों से क्रॉप कटिंग प्रयोग शीघ्र पूरा करवाने, किसानों को सूखी फसल हटाकर रबी की बिजाई का अवसर देने तथा बीमा दावों में बाधा न आने की मांग की गई। साथ ही मंडियों में बाजरा और बवानीखेड़ा सहित संबंधित मंडियों में धान की सरकारी खरीद तत्काल शुरू कर किसानों को बकाया लाभ देने तथा नहरों में पर्याप्त पानी मुहैया कराने की मांग उठाई।