स्थानीय घंटाघर के समीप भारतीय स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्य शाखा के गेट पर बुधवार सुबह ताला लटका रहा। यहां पर करीब आधा दर्जन बैंकों के कर्मचारी जुट गए और कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को हड़ताल कर दी। जिसकी वजह से एसबीआई सहित विभिन्न बैंकों की शाखाएं बंद रही। जिसकी वजह से बैंक आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंक फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय बैंकों के कर्मचारी लंबे अर्से से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। हड़ताल से पूर्व बैंक प्रबंधन को भी अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन समय रहते मांगों पर कोई कदम नहीं उठाया गया। मजबूरन सभी बैंकों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर घंटाघर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गई तो वे हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा देंगे। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बैंकिंग कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, ऑनलाइन बैंकिंग भी ठप रही। जिसका सीधा असर बड़े कारोबारियों के कामकाज पर भी देखा गया।