भिवानी उपायुक्त महावीर कौशिक ने बुधवार को सुबह मार्केट कमेटी, शहरी स्थानीय निकाय और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ रोहतक गेट स्थित सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर विकास नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और सब्जी मंडी के प्रतिनिधियों से मंडी के आसपास अतिक्रमण और वाहनों से जाम की स्थिति बनने को लेकर विस्तार से बात की। उल्लेखनीय है कि सब्जी मंडी के आसपास अव्यवस्थाओं का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय द्वारा जिला प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तु स्थिति जानने के निर्देश जारी किए हुए हैं। न्यायालय के निर्देशानुसार डीसी कौशिक बुधवार को सुबह शहरी स्थानीय निकाय, मार्केट कमेटी और यातायात पुलिस के अधिकारियों को साथ लेकर सब्जी मंडी परिसर पहुंचे। यहां पर विकास नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और सब्जी मंडी के प्रतिनिधियों ने अपना-अपना पक्ष रखा। विकास नगर के प्रतिनिधि ने बताया कि विकास नगर के साथ लगते रोड पर अतिक्रमण और वाहनों से जाम के चलते यहां के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मंडी के आसपास क्षेत्र में सभी सडक़ों पर कचरे का आलम रहता है, जिससे दुर्गंध आती रहती है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। वहीं दूसरी ओर सब्जी मंडी प्रतिनिधियों ने भी उपायुक्त के समक्ष अपना पक्ष रखा और कहा कि वे जिला प्रशासन के साथ हैं तथा मंडी में सही व्यवस्था बनाने में प्रशासन का हर संभव सहयोग करने को तैयार हैं।