आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में मेन पाइप लाइन से लिए गए अवैध पानी कनेक्शनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में सिविल अस्पताल के पीछे तथा सैन मंदिर के पास विभागीय टीम ने मेन लाइन से जुड़े अवैध कनेक्शनों को काट दिया। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई कपिल ने बताया कि मैन पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन होने के कारण नियमित जल आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को भी पानी की सप्लाई में दिक्कत आ रही थी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जांच के बाद ऐसे कनेक्शनों को हटाने की कार्रवाई की गई है ताकि गर्मी के मौसम में सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। वहीं वार्ड नंबर 6 और 7 के निवासियों में इस कार्रवाई को लेकर रोष देखा गया। वार्ड वासियों सोनू सैन, शाहरुख नागोरी, चरणसिंह, उमरदिन, पवन ठाकुर, अंकित ठाकुर, प्रमोद, सोमबीर सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके घर ऊंचाई पर स्थित हैं, जिस कारण नियमित पाइपलाइन से पानी की सप्लाई नहीं हो पाती। इसी मजबूरी में उन्होंने मैन लाइन से कनेक्शन ले रखा था, जिसे अब विभाग द्वारा काट दिया गया है।