गांव नकीपुर निवासी संदीप के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार करीब दो महीने पहले संदीप का कुछ युवकों के साथ आपसी विवाद व लड़ाई-झगड़ा हुआ था, जिसका मामला लोहारू में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले की तारीख पर संदीप आज लोहारू एसडीएम कार्यालय में पेशी पर आया हुआ था। बताया गया कि पेशी के बाद जब संदीप वापस अपने गांव की ओर जा रहा था, तभी लोहारू कोर्ट परिसर के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने संदीप के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और लोगों ने किसी तरह संदीप को उनके चंगुल से छुड़वाया। मारपीट में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल संदीप को लोहारू के उपनागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भिवानी के सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं घायल संदीप ने बताया कि उस पर हमला करने वाले युवक वही हैं, जिनसे करीब दो महीने पहले उसका विवाद हुआ था। उसने आरोप लगाया कि पुराने मामले की रंजिश को लेकर उस पर जानलेवा हमला किया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं क्षेत्र में इस घटना के बाद रोष का माहौल बना हुआ है।