शहर की बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जीआरपी पुलिस चौकी के पीछे, त्रिवेणी मंदिर के पास स्थित मुख्य सड़क अचानक बीचों-बीच धंस गई। यह सड़क एमसी कॉलोनी के पास पड़ती है और महत्वपूर्ण बात यह है कि इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा महज तीन महीने पहले ही किया गया था। सड़क के बीचों-बीच हुए इस कटाव ने एक 5 से 7 फीट गहरे गड्ढे का रूप ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क ऊपर से तो सामान्य दिख रही थी, लेकिन भीतर से पूरी तरह खोखली हो चुकी थी। अचानक मिट्टी धंसने से वहां से गुजरने वाले राहगीरों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि जिस वक्त सड़क धंसी, वहां से कोई भारी वाहन या दोपहिया सवार नहीं गुजर रहा था, अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। स्थानीय निवासियों में विभाग के प्रति भारी रोष है। लोगों का कहना है, कि सड़क निर्माण के मात्र 90 दिनों के भीतर इस तरह का कटाव घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही का प्रमाण है