भिवानी जिले के गांव दुधवा में बुधवार शाम 20 वर्षीय युवक सौरव सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। सौरव बीए फाइनल ईयर का छात्र था। बुधवार शाम सौरव सिंह अपने खेत में पानी की पाइप बदलने का काम कर रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। हादसा में सौरव बेसुध होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल लोहारू के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण उसे उप नागरिक अस्पताल लोहारू ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।