अंबाला-अमृतसर हाईवे स्थित जंडली पुल के निकट रविवार सुबह 5 बजे एक बेलगाम कार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित कार ने सीधा सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि ऑटो अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गया। ऑटो में सवार बिहार के सहरसा जिले के अमरपुर गांव निवासी भूपेंद्र मुखिया (55) की मौत हो गई। उनकी दो बेटियां आशा (17) और मनीषा(14) सहित 11 सवारियां घायल हो गई। बिहार के जंगबहादुर की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। ऑटो अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा था। मृतक की बेटी घायल आशा की तहरीर पर बलदेव नगर थाना पुलिस ने कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।