महेश नगर के ब्रह्माकुमारी चौक के पास रविवार दोपहर एक बजे डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शहजादपुर के फडौली गांव निवासी 57 रेशम सिंह के रूप में हुई है। मृतक जनस्वास्थ्य विभाग में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे के बाद अंबाला-जगाधरी का यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। बताया कि रेशम सिंह रविवार दोपहर अपनी बाइक पर बब्याल-वशिष्ठ नगर की ओर से ब्रह्माकुमारी चौक की तरफ जा रहे थे। अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। रेशम सिंह सड़क पर गिर पड़े व डंपर का पिछला पहिया उनके सिर से गुजर गया।