छावनी के वार्ड- 7 स्थित हिम्मतपुरा की एक चर्च में चल रहे समर कैंप में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। बजरंग दल के सदस्यों ने चर्च के बाहर एकजुट होकर धर्म परिवर्तन करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि चर्च में लगे समर कैंप की आड़ में बच्चों को गलत शिक्षा दे रहे हैं। हालांकि चर्च के पास्टर ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि केवल समर कैंप की गतिविधियां ही आयोजित की जा रही है। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। दोनों पक्षों के बीच पड़ाव थाने में भी जमकर बहस हुई। उधर, चर्च के पास्टर ने बजरंग दल वालों पर जबरदस्ती चर्च में घुसकर हंगामा करने के आरोप लगाए। पास्टर का कहना था कि वह हर साल यह समर कैंप लगाते आ रहे हैं। चर्च में घुसकर हुए हंगामे को गलत बताया है। बजरंग दल के जिला प्रधान देवी लाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि चर्च में बच्चों का धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा है। जब वह रोकने के लिए गए तो दूसरे पक्ष ने हंगामा कर दिया व जमकर बहस की। थाने में लिखित दे दी गई है।