नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन पर दबाव में आकर एलईडी लाइटों के वितरण और स्थापना में पक्षपात का आरोप लगाया। पार्षदों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। कांग्रेस निगम पार्षद मिथुन वर्मा, राजविंद्र कौर एवं पार्षद प्रतिनिधि इशू मेघा गोयल ने बताया कि लगभग पौने दो वर्ष पूर्व नगर निगम में एलईडी लाइटें आई थीं, जिन्हें सभी वार्डों में लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। कांग्रेस निगम पार्षदों एवं पार्टी नेताओं ने इस संबंध में कई बार निगम आयुक्त व अन्य अधिकारियों से भेंट भी की। इसके बाद हाल ही में सभी 20 वार्डों में एलईडी लाइट लगाने का टेंडर भी हुआ, लेकिन भाजपा पार्षदों के वार्ड में उनकी सहमति से लाइट लगाई जा रही हैं, जबकि उनके वार्डों में उनकी सहमति नहीं ली जा रही। उन्होंने आयुक्त से मांग की कि कांग्रेस निगम पार्षदों के वार्डों में एलईडी लाइटें संबंधित पार्षदों की जानकारी और सहमति से ही लगवाई जाएं। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार का भेदभाव और अन्यायपूर्ण रवैया जारी रहा तो कांग्रेस निगम सदस्यों, पार्षदों एवं जिला कांग्रेस कमेटी अंबाला आंदोलन करने को बाध्य होंगे।