अंबाला सिटी के पंचायत भवन के सामने दरगाह पीर बेहड़े शाह के ढांचे को बचाने की मांग को लेकर मुस्लिम समाज के लोग हाथों में तख्तियां लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अंजुमन इस्लाऊल मुस्लिमीन सोसाइटी के प्रधान सैय्यद अहमद खान भी पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह पीर कई वर्षों से बना हुआ है। कुछ दिनों पहले पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से पीर की चारदिवारी गिरा दी गई। अब मजार के ढांचे को भी गिराने की मांग की जा रही है, लेकिन यह गलत है। यह पीर कई वर्षों से बना हुआ है। उनके पास मजार से संबंधित सभी दस्तावेज हैं। कुछ लोग प्रशासन से धक्का-मुक्की से कार्य लेना चाहते है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि इस मजार को बचाया जाए। इस दौरान मजार के गद्दीनशीन अकबर अली साबरी व अन्य मौजूद रहे। वहीं, बीते दिनों विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन देने के साथ ही सड़क पर प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क की तरफ से पीर की चारदिवारी हटाई थी।